होली पर कड़ी सुरक्षा: एसपी भावना गुप्ता ने खुद संभाली कमान, बलौदाबाजार में 400 पुलिसकर्मी तैनात

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 4, 2026


बलौदाबाजार, 04 मार्च 2026। होली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने स्वयं शहर की कमान संभालते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बरतने, नियमित गश्त करने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही होली ड्यूटी में लगे बल की समीक्षा कर उनका मनोबल भी बढ़ाया।

### संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी

पुलिस द्वारा पूर्व में अपराध प्रभावित इलाकों, अड्डेबाजी वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों की मैपिंग कर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चारपहिया एवं बाइक पेट्रोलिंग के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर अंदरूनी गलियों और कॉलोनियों तक सक्रिय हैं।

### महिला एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘टीम शक्ति’ की विशेष बाइक पेट्रोलिंग तैनात की गई है। यह टीम शहर के भीतरी क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है।

### 400 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर

होली पर्व के दौरान जिले में लगभग 400 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं।

### नागरिकों से अपील

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति एवं भाईचारे के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

होली के अवसर पर पुलिस प्रशासन की सक्रियता से शहर में सुरक्षा का माहौल देखने को मिल रहा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment