
बलौदाबाजार । 21 जनवरी 2026 संत शिरोमणि गुरु घासीदास की जन्मस्थली एवं तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विशाल गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय यह भव्य मेला 22 से 24 फरवरी 2026 तक संपन्न होगा। मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला पंचायत सभागार में मेला आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता राजागुरु धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब ने की। बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, गुरु सोमेश बाबा, गुरु सौरभ साहेब, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, पूर्व सांसद गुहाराम अजगले, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं मेला आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के सम्मान में आयोजित गिरौदपुरी मेला सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न किया जाएगा। उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए प्रशासन को समय पर तैयारियां पूर्ण करने तथा फील्ड स्तर पर स्पॉट निरीक्षण करने के सुझाव दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा मेला समिति की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख किए जाने पर आभार व्यक्त किया।
तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष मेले में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं लगभग दोगुनी की गई हैं। उन्होंने पिछले वर्ष की कमियों को चिन्हित कर इस बार उन्हें दूर करने तथा जैतखाम परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
कलेक्टर दीपक सोनी ने जानकारी दी कि कसडोल एसडीएम आर.आर. दुबे को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। राज्य स्तर से लगभग 26 प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। मेला स्थल पर पेयजल व्यवस्था के लिए 30 लाख, 8 लाख और 75 हजार लीटर क्षमता की टंकियां उपलब्ध रहेंगी। मंदिर परिसर, महराजी, छाता पहाड़ एवं पंचकुंडीय स्थलों पर पृथक पेयजल व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में 250 टेप नल, 30 टैंकर, 100 स्नानघर एवं शौचालय, 20 चलित शौचालय, 80 स्थायी शौचालय, 10 जनरेटर, 24 घंटे सफाई व्यवस्था के लिए लगभग 400 कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 7 स्थानों पर 24 घंटे चिकित्सा शिविर, 10 एंबुलेंस, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गिरौदपुरी में 6 बेड तथा सीएचसी कसडोल को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा जाएगा। मेला क्षेत्र एवं 10 किलोमीटर की परिधि में मांस एवं मदिरा की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सूचना होर्डिंग, वेबसाइट एवं बारकोड व्यवस्था भी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि मेले के दौरान तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी, जिसमें लगभग 1182 पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। 30 स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था, मुख्य कंट्रोल रूम सहित 4 अतिरिक्त कंट्रोल रूम, अधिक संख्या में सीसीटीवी कैमरे तथा सात स्थानों पर दमकल वाहन तैनात रहेंगे। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94792-20392 मेले के दौरान सक्रिय रहेगा।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अवध राम टंडन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मेला आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।