लवन थाना। क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धाराशिव में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति द्वारा तलवार लहराकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी परमेश्वर धृतलहरे ने 27 मार्च 2026 को थाना लवन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन दोपहर करीब 2 बजे उसका पड़ोसी धुर सिंह धृतलहरे, पुरानी आपसी रंजिश के चलते हाथ में तलवार लेकर उसके घर के सामने पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से प्रार्थी और उसका परिवार भयभीत हो गया।
मामले में थाना लवन पुलिस ने अपराध क्रमांक 95/2026 के तहत धारा 296, 351(3) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना लवन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के कारण तलवार लेकर धमकी देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी धुर सिंह धृतलहरे (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम धाराशिव, को 28 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।