
पलारी। कुकदा ग्राम से खेतों में आग फैलने की सूचना मिलने पर पलारी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। खेतों में पराली जलाने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आसपास के गांवों में भी खतरे की स्थिति बन गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से बोर के पानी को पाइप के माध्यम से लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस स्टाफ ने आग पर काबू पाने में सराहनीय योगदान दिया। हालांकि तेज हवा के कारण आग की लपटें तेजी से पलारी की ओर बढ़ने लगीं और पलारी के आउटर इलाके में स्थित एक ईंट भट्ठा के पास बने मकानों तक पहुंच गईं।
इसी दौरान एक झोपड़ी नुमा घर में करीब 3 साल की एक बच्ची फंसी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक जियान वर्मा ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत झोपड़ी में पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने किसानों से अपील की है कि वे खेतों में पराली न जलाएं, क्योंकि इससे आग की लपटें तेजी से गांवों तक फैल सकती हैं और जन-धन की हानि का खतरा बना रहता है।