बलौदाबाजार, 7 जनवरी 2026/
स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति का प्रभाव वास्तविक रूप से जमीन पर दिखाई देना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी एवं पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने पर जोर
प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि केन्द्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन या जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि स्कूलों और अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करें। यदि शासन स्तर पर किसी प्रकार की स्वीकृति या संसाधन की आवश्यकता हो, तो तत्काल प्रस्ताव भेजें, इसमें कोई विलंब नहीं किया जाएगा।
ग्रामीण व नगरीय विकास कार्यों पर विशेष ध्यान
प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की प्राथमिकता तय कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं नगरीय निकायों में सड़क, पेयजल, बिजली, नाली और साफ-सफाई व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
वी बी–जी राम जी योजना को बताया मील का पत्थर
बैठक में प्रभारी मंत्री ने वी बी–जी राम जी योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में अब 125 दिनों का रोजगार, सप्ताह भर में भुगतान, अधोसंरचना विकास और तकनीक आधारित पारदर्शी कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।
धान खरीदी और आवास योजना पर कड़े निर्देश
धान खरीदी की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने उपार्जन केंद्रों से धान उठाव में तेजी लाने, खरीदी सीमा बढ़ाने और छूटे हुए किसानों के रकबा संशोधन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी वास्तविक किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में किश्त जारी होने के बाद भी निर्माण प्रारंभ नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने जनपद सीईओ को एक माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य और राजस्व विभाग पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग को टीबी एवं सिकल सेल मरीजों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शासकीय अस्पतालों से अनावश्यक रूप से मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर न करने के भी निर्देश दिए गए।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरआई और पटवारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, अशोक जैन, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, कुसुमलता पैकरा, सविता अनंत, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।