कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

April 11, 2026

पलारी, 11 अप्रैल 2026। थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम सिसदेवरी में पुराने जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिसदेवरी निवासी कौशल चंद्राकर ने थाना पलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अप्रैल की सुबह लगभग 6 बजे जब वह तालाब की ओर जा रहा था, उसी दौरान गांव के ही नारायण लाल साहू ने उसे रोक लिया। पुराने जमीन विवाद को लेकर आरोपी ने पहले अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने कुल्हाड़ी से अचानक हमला कर दिया, जिससे पीड़ित के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम सिसदेवरी में दबिश दी और आरोपी नारायण लाल साहू (55 वर्ष) को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने जमीन विवाद के चलते हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment