
रिपोर्टर टेकराम कोसले
कोरिया। जिले के कटगोड़ी स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में 13 मार्च की रात एक छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक छात्र की पहचान सुरेश सिंह के रूप में हुई है। इस घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्था और माहौल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने छात्रावास अधीक्षक और एक कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसकी जांच की मांग उठने लगी है।
जानकारी के अनुसार, आत्महत्या से पहले सुरेश सिंह ने अपने पिता से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान वह रोते हुए उन्हें घर ले जाने की गुहार लगा रहा था। पिता ने उसे समझाते हुए कहा कि वे सुबह आकर उसे ले जाएंगे, लेकिन सुबह होने से पहले ही बेटे की मौत की खबर घर पहुंच गई। इस घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
परिजनों का आरोप है कि सुरेश सिंह पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों और छात्र हित के मुद्दों को लेकर भी काफी सक्रिय था। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में टीम ने जीत हासिल की थी, जिसमें लगभग एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली थी। आरोप है कि छात्रावास अधीक्षक और एक कर्मचारी सुरेश पर यह राशि बैंक से निकलवाने के लिए दबाव बना रहे थे।
परिवार के अनुसार, सुरेश का कहना था कि यह पैसा पूरी टीम के खिलाड़ियों के लिए खेल सामग्री खरीदने में खर्च किया जाना चाहिए, इसलिए वह राशि निकालने का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर उस पर दबाव बनाया जा रहा था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सुरेश छात्रावास की अव्यवस्थाओं को लेकर आवाज उठाता था और शिकायत करने के लिए कलेक्ट्रेट तक गया था। आरोप है कि इस बात से नाराज अधीक्षक ने ज्यादा बोलने वाले छात्रों की सूची बनाकर उन्हें फेल कराने तक की धमकी दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सोनहत एसडीएम अनसुल वर्मा छात्रावास पहुंचे और कई घंटों तक अन्य छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि होली की छुट्टी से घर लौटने के बाद सुरेश कुछ दिनों से गुमसुम रहने लगा था। हालांकि प्रशासन का कहना है कि मामला संवेदनशील है और जांच जारी है, इसलिए फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
वहीं इस घटना पर सांसद प्रतिनिधि अविनाश पाठक ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल राज्य में, जहां मुख्यमंत्री भी आदिवासी समाज से आते हैं, वहां छात्रावास में एक आदिवासी छात्र की आत्महत्या बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मामले की सूक्ष्म और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।