गांजा तस्करी मामले में सप्लायर गिरफ्तार, उड़ीसा से जुड़ी सप्लाई चेन का भंडाफोड़

TEJASWI NATH SONI

February 15, 2026

बया (बलौदाबाजार-भाटापारा), 15 फरवरी 2026।

पुलिस चौकी बया द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी एवं बिक्री मामले में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से गांजा तस्करी की सप्लाई चेन को तोड़ने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

पूर्व में दो आरोपी हुए थे गिरफ्तार

मुखबिर सूचना पर 7 जनवरी 2026 को साइबर सेल एवं चौकी बया की संयुक्त टीम ने ग्राम बार में घेराबंदी कर आरोपी सूरज सेन उर्फ परसूराम एवं फलेश साहू को स्कूटी के माध्यम से गांजा तस्करी करते पकड़ा था। आरोपियों के कब्जे से ₹3,96,900 मूल्य का 7.938 किलोग्राम गांजा, एक बिना नंबर जुपिटर स्कूटी एवं एक मोबाइल जब्त किया गया था। मामले में चौकी बया, थाना राजादेवरी में अपराध क्रमांक 06/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

एंड-टू-एंड जांच में सप्लायर गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर मामले की एंड-टू-एंड विवेचना की गई। जांच में सामने आया कि जब्त गांजा उड़ीसा राज्य से सप्लाई किया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने उड़ीसा के बरगढ़ जिले निवासी कुलमणी साहू उर्फ घसिया (43 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को गांजा सप्लाई करना स्वीकार किया।

आरोपी को 14 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और संलिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment