ग्राम हरदी में मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू, जंगल सफारी नवा रायपुर में छोड़ा गया सुरक्षित

TEJASWI NATH SONI

February 16, 2026

बलौदाबाजार, 16 फरवरी 2026। ग्राम हरदी स्थित आबादी क्षेत्र के निस्तार तालाब में फंसे एक मगरमच्छ का वन विभाग द्वारा सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में मगरमच्छ को सुरक्षित निकालकर आवश्यक प्राथमिक देखरेख के बाद जंगल सफारी, नवा रायपुर में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण सामूहिक रूप से तालाब में मछली पकड़ रहे थे, तभी एक मगरमच्छ जाल में उलझ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुँचा और पूरी सावधानी एवं विशेषज्ञता के साथ मगरमच्छ को जाल से सुरक्षित बाहर निकाला। समयबद्ध कार्रवाई से संभावित मानव-वन्यजीव टकराव की स्थिति को टाल दिया गया।

वनमण्डलाधिकारी ने बताया कि वन्यजीवों का संरक्षण विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मगरमच्छ को स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षित रहवास के उद्देश्य से जंगल सफारी, नवा रायपुर में छोड़ा गया है, जहाँ उसे अनुकूल वातावरण उपलब्ध रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समय पर सूचना देना वन्यजीव संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

रेस्क्यू कार्य में परिक्षेत्र सहायक गितेश बंजारे, परिसर रक्षी नेहरू निषाद, सुरक्षा श्रमिक भागी यादव, पीलू निषाद, राकेश ध्रुव तथा वन प्रबंधन समिति हरदी के सदस्य सुखदेव, टिकनेश ध्रुव, मयाराम सेन, विशाल, वीरेंद्र यादव सहित ग्राम के अन्य ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment