सोनारदेवरी बनी महिला हितैषी पंचायत, सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में बड़ा कदम

SARJU PRASAD SAHU

December 15, 2025

बलौदाबाजार 15 दिसंबर 2025 कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। इसी क्रम में विकासखंड पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनारदेवरी का चयन महिला हितैषी पंचायत के रूप में किया गया है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारी श्री राकेश साहु सोमवार को ग्राम पंचायत सोनारदेवरी पहुंचे, जहां उन्होंने डेटा फील्ड वेरिफिकेशन किया। इस दौरान स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य सेवाओं सहित पंचायत में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि महिला हितैषी पंचायत योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य से 4 जिलों की 4 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जिनमें जिला बलौदाबाजार-भाटापारा से विकासखंड पलारी की ग्राम पंचायत सोनारदेवरी को यह गौरव प्राप्त हुआ है।

गौरतलब है कि महिला हितैषी पंचायत वह पंचायत होती है, जो महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण, समान अवसर तथा सशक्तिकरण सुनिश्चित करती है। यह पहल भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय एवं यूएनएफपीए द्वारा सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति हेतु लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्राम सभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता को सशक्त करना है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्कूल प्राचार्य, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता, पीआरपी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment