सक्ति में बेटे ने पिता की हत्या की, पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे में किया गिरफ्तार

SARJU PRASAD SAHU

March 27, 2026

सक्ति। जिले के थाना डभरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामभांठा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पुत्र ने मामूली विवाद में अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026 को थाना डभरा पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने अपने पिता पर जानलेवा हमला कर फरार हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल को अवगत कराया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी सुमित कुमार महिलांगे (35 वर्ष) का अपने पिता मनबोध महिलांगे से बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने लोहे के पाइप से पिता के सिर, चेहरे और आंख पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ वर्षों से ठीक नहीं थी। इस संबंध में पुलिस द्वारा तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी जब्त किया गया है।

एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान सहित सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसके चलते पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment