स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान करें, लोगों को जिला कार्यालय आने की जरूरत न पड़े – कलेक्टर कुलदीप शर्मा 15 जून से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश, दुर्घटना रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट पर संकेतक लगाने पर जोर

TEKRAM KOSLE

March 5, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार, 5 मार्च 2026। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानीय स्तर पर हल हो सकने वाले मामलों के लिए लोगों को जिला कार्यालय तक न आना पड़े। उन्होंने कहा कि अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों का निराकरण तहसील और जनपद स्तर पर ही प्राथमिकता से किया जाए।
मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं से संबंधित आवेदनों की संख्या अधिक है, जिसे स्थानीय स्तर पर ही निपटाया जाना चाहिए। इससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी और समय की बर्बादी से बचाया जा सकेगा।
15 जून तक सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश
बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाय और सीएमजीएसवाय से संबंधित सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है, उनका चिन्हांकन कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य तुरंत शुरू किया जाए और सभी मरम्मत कार्य 15 जून तक पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निर्देश
कलेक्टर ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टी लगाने, ब्लैक स्पॉट के पास संकेतक बोर्ड लगाने तथा सड़क के किनारों (शोल्डर) को ठीक करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि एप्रोच रोड को मुख्य सड़क से सीधे नहीं जोड़ा जाना चाहिए, बल्कि दाएं-बाएं घुमावदार मार्ग से जोड़ा जाए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
उन्होंने सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता और पूर्णता पर जोर
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पीएचई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों को सही तरीके से पुनः भरकर मरम्मत किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि गांव के अंतिम घर तक नल के माध्यम से पानी की आपूर्ति पहुंचे।
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने हैंडपंप के पास सोखता गड्ढों का निर्माण करने के भी निर्देश दिए।
लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में विभागों के लिए निर्धारित संकेतकों के अनुसार लक्ष्य पूरा करने और जिले को “चैम्पियन जिला” बनाने की दिशा में कार्य करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीपीग्राम्स, जनशिकायत, कलेक्टर जनदर्शन और राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ गणवीर धम्मशील, जिला पंचायत की सीईओ दिव्या गौतम, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, अभिषेक गुप्ता, अवध राम टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment