बलौदा बाजार। पलारी संडी स्वस्थ समाज और जागरूक नागरिकों के निर्माण की दिशा में एक बड़ी पहल के रूप में ‘छत्तीसगढ़ फिटनेस 2026’ का आयोजन 25 जनवरी को जिला बलौदा बाजार–भाटापारा अंतर्गत खरतोरा–संडी खेल मैदान में किया जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 1 किलोमीटर फिटनेस रन आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागी रनिंग, जॉगिंग अथवा पैदल चाल के माध्यम से भाग ले सकेंगे। आयोजकों के अनुसार यह दौड़ किसी प्रतियोगिता या जीत-हार के लिए नहीं, बल्कि आमजन को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
आयोजन में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है। पहले पंजीयन कराने वाले 1000 प्रतिभागियों को टी-शर्ट प्रदान की जाएगी। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन हेतु कुल 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि रखी गई है, जिसका वितरण महिला एवं पुरुष वर्ग से 10-10 प्रतिभागियों का चयन लकी ड्रा के माध्यम से कर आमंत्रित अतिथियों के हाथों किया जाएगा।
इस फिटनेस रन में 06 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष, महिलाएं, विद्यार्थी, बुजुर्ग सहित समाज के सभी वर्गों के लोग भाग ले सकेंगे, जिससे यह आयोजन जनभागीदारी का उदाहरण बनेगा।
यह आयोजन जिला कराटे संघ बलौदा बाजार, ब्लॉक एथलेटिक्स संघ पलारी, ब्लॉक कबड्डी संघ पलारी तथा शारीरिक प्रशिक्षण एवं स्पोर्ट्स संघ छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। वहीं ग्राम पंचायत खरतोरा, संडी, मुड़पार, खैरा, कोदवा, संकरी, व्यापारी संघ संडी, महिला शक्ति संगठन संडी एवं महतारी संघ खरतोरा का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
शारीरिक प्रशिक्षण संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश कुमार के अनुसार, ‘छत्तीसगढ़ फिटनेस 2026’ आमजन को स्वास्थ्य से जोड़ने की एक व्यापक पहल है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इस संदेश के साथ किया जा रहा है कि स्वस्थ व्यक्ति ही सशक्त समाज की नींव होता है और अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेना चाहिए।
Hemshankar sen address khartora post office jarve thana palari district baloda bajar