हरदी बाजार स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रैबीज इंजेक्शन की कमी, कुत्ता काटने के मरीजों को हो रही परेशानी एक महीने से स्टॉक खत्म, मरीजों को बाजार से 400 रुपये में खरीदना पड़ रहा इंजेक्शन

TEKRAM KOSLE

March 16, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

कोरबा ()। पाली विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदी बाजार में एंटी रैबीज इंजेक्शन की कमी से क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं। क्षेत्र में लगातार कुत्ता काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र में इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जब कुत्ता काटने के बाद मरीज इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदी बाजार पहुंचते हैं, तो वहां उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में पीड़ितों को मजबूरी में निजी मेडिकल स्टोर से लगभग 400 रुपये में इंजेक्शन खरीदकर लगवाना पड़ रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार, कुत्ता काटने के बाद मरीज को निर्धारित समय अंतराल में करीब पांच एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने पड़ते हैं। ऐसे में एक इंजेक्शन की कीमत 400 रुपये होने के कारण गरीब और ग्रामीण मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कई परिवारों के लिए यह खर्च उठाना मुश्किल साबित हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदी बाजार ही नहीं बल्कि उतरदा और कोरबी स्वास्थ्य केंद्र में भी करीब एक महीने से एंटी रैबीज इंजेक्शन का स्टॉक खत्म है। इससे पूरे क्षेत्र के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदी बाजार के सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ. युद्धेश सांडे ने बताया कि एंटी रैबीज इंजेक्शन का स्टॉक खत्म होने की जानकारी विभाग को दे दी गई है। विभाग से जल्द ही इंजेक्शन की आपूर्ति होने की उम्मीद है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
इधर स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जल्द से जल्द एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि कुत्ता काटने के पीड़ितों को समय पर उपचार मिल सके और उन्हें निजी मेडिकल स्टोर से महंगे दामों पर इंजेक्शन खरीदने की मजबूरी न हो।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment