पलारी क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर में शुक्रवार रात करीब 9 बजे मुख्य सड़क पर लगे बिजली के खंभे के केबल में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे उसमें आग लग गई। देखते ही देखते खंभे से तेज चिंगारियां निकलने लगीं और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद करीब 15 मिनट तक खंभे से लगातार चिंगारियां निकलती रहीं। इस दौरान पटाखों के फूटने जैसी तेज आवाजें भी सुनाई देती रहीं, जिससे लोग घबरा गए और सुरक्षा के लिए खंभे से दूर हटकर खड़े हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग को सूचित किया गया। वहीं जिस ट्रांसफार्मर से पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति हो रही थी, वह भी बंद हो गया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
घटना के बाद गांव में डर का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कई जगह बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं, जिन्हें जल्द बदला जाना चाहिए। लोगों ने बिजली विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।