रिपोर्टर – भूपेंद्र लहरे
सक्ती। जिला पंचायत चुनाव के एक वर्ष पूर्ण होने पर सक्ती जिला पंचायत के सभापति व बाराद्वार के युवा भाजपा नेता आयुष शर्मा “अन्नपूर्णा” ने प्रेसवार्ता आयोजित कर अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सामान्य एवं कठिन सवालों के संतोषजनक जवाब देते हुए कहा कि अब तक किए गए कार्य केवल शुरुआत हैं, आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाले कई विकास कार्य किए जाएंगे।
आयुष शर्मा ने एक वर्ष पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों एवं मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हर घर जाकर लोगों से संवाद किया और क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी बने। जरूरतमंदों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजने, छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल के माध्यम से कई गांवों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगवाने तथा बरसात के समय ग्राम सकरेली भाटा में रेल लाइन किनारे जमा मलबा हटाकर स्लैब व चूड़ी डालकर वैकल्पिक मार्ग तैयार कराने जैसे कार्य किए गए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के सहयोग से श्री लक्ष्मीकांत धीरहे को 3 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाई गई। बाराद्वार विद्युत विभाग को उपसंभाग बनाने की मांग को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वीकृति दी, जिसके तहत नगरदा सिवनी को बाराद्वार उपसंभाग में जोड़ा गया।
वर्तमान बजट में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-1 के अंतर्गत कुल 3 करोड़ 36 लाख रुपये के सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों की घोषणा की गई है। इनमें नया बाराद्वार-जैजैपुर चौक से ठठारी (12 किमी, 96 लाख), बासिन से जेठा-ब्याहा पासीद-खूंटादहरा जिला मुख्यालय (10 किमी, 80 लाख), किरारी से नवापारा खुर्द-ब्याहा-नंदौर खुर्द (6 किमी, 72 लाख), बासिन से डोंगिया (8 किमी, 64 लाख) तथा नवीन जिला चिकित्सालय परिसर से मुख्य मार्ग तक (2 किमी, 24 लाख) सड़क निर्माण शामिल हैं। यह घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में प्रस्तुत बजट में की गई।
अंत में आयुष शर्मा “अन्नपूर्णा” ने कहा कि मीडिया अभी उनके कार्यों का आकलन न करे, क्योंकि यह तो केवल शुरुआत है। वे उपलब्धि गिनाने में नहीं, बल्कि कार्य करके दिखाने में विश्वास रखते हैं।
प्रेसवार्ता में बाराद्वार नगर पंचायत के उपाध्यक्ष जितेश शर्मा, जोगी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अर्जुन राठौर सहित जिले के पत्रकार उपस्थित रहे।