पलारी, 18 मार्च। थाना पलारी पुलिस द्वारा बुधवार को अनुविभाग क्षेत्र के चॉइस सेंटर संचालकों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि चॉइस सेंटरों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग राशि जमा करने और निकासी के लिए आते हैं। ऐसे में कई बार संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी आसपास मंडराते रहते हैं, जिससे संपत्ति संबंधी अपराध होने की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए सभी संचालकों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी चॉइस सेंटर संचालकों को सेंटर के मुख्य प्रवेश द्वार और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि सेंटर में आने-जाने वाले लोगों और आसपास घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान आसानी से की जा सके।
इसके अलावा संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अंधेरा होने से पहले अपने सेंटर बंद कर घर लौटें। पुलिस के अनुसार कई संचालक दिनभर के लेन-देन की राशि लेकर देर शाम या रात में घर जाते हैं, जिससे लूट जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी कारण उन्हें यथासंभव दिन ढलने से पहले सभी कार्य निपटाकर घर जाने की सलाह दी गई।
बैठक के दौरान पुलिस ने संचालकों से अपील की कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या आपराधिक प्रवृत्ति के लोग सेंटर के आसपास घूमते नजर आएं तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।