समीप अनंत – जिला ब्यूरो चीफ, सारंगढ़-बिलाईगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़। नगर पंचायत भटगांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा नगर “द” में दूसरी कक्षा के एक छात्र को डंडे से मारने के आरोप में प्रधान पाठक संजीव कुमार जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा में पढ़ाई के दौरान छात्र के सिर पर डंडे से वार किए जाने की घटना सामने आई थी। इस घटना में बच्चे का सिर फट गया और उसकी यूनिफॉर्म खून से भीग गई। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजन स्कूल पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले को मीडिया में प्रमुखता से उठाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित संज्ञान लिया। जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया ने प्राथमिक जांच के आधार पर प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। जांच पूरी होने तक संबंधित शिक्षक को मुख्यालय बिलाईगढ़, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने विभागीय कार्रवाई का स्वागत किया है, वहीं निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर कड़ी सजा की मांग भी की है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।