सारंगढ़-बिलाईगढ़: शराब के लिए टोकना पड़ा भारी, पति ने गमछे से गला घोंटकर की पत्नी की बेरहमी से हत्या
बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही पत्नी की जान ले ली। घटना बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खजरी की है, जहाँ घरेलू कलह ने खूनी मोड़ ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पति राजेश साहू अत्यधिक शराब पीने का आदी था और कोई काम-काज नहीं करता था। घटना के वक्त उसकी पत्नी कुंती साहू ने राजेश को शराब पीने और काम पर न जाने को लेकर उलाहना दिया। पत्नी द्वारा मारा गया यह ‘ताना’ राजेश को इतना नागवार गुजरा कि उसने तैश में आकर अपने ही गमछे से कुंती का गला घोंट दिया। दम घुटने के कारण मौके पर ही महिला की मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस सक्रिय हो गई। मौके पर बिलाईगढ़ एसडीओपी (SDOP) विजय ठाकुर अपनी टीम के साथ पहुँचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है, जो घटना स्थल से साक्ष्य जुटा रहे हैं।
पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
“शराब की लत और काम न करने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोपी ने गमछे का इस्तेमाल कर हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।”
— पुलिस प्रशासन, बिलाईगढ़