पिथौरा/महासमुंद। पिथौरा स्थित संस्कार शिक्षण संस्थान द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से “संस्कार मल्टी टैलेंट समर कैंप” का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप का शुभारंभ 29 मार्च (रविवार) को प्रतिभा पब्लिक विद्यालय, रावण भाटापारा पिथौरा में होगा।
संस्थान की डायरेक्टर श्रीमती सीमा गौरव चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि समर कैंप 1 अप्रैल से 10 मई तक कुल 40 दिनों तक संचालित किया जाएगा। इस कैंप में स्कूली बच्चों के साथ-साथ सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में बीपीएल परिवार की महिलाओं और छात्राओं के लिए निशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने कौशल को विकसित कर सकें। यह पहल समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
संस्कार शिक्षण संस्थान पिछले 9 वर्षों से जिले में बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है और यह इस तरह का पहला संस्थान है जो इतने व्यापक स्तर पर मल्टी टैलेंट प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है।
कैंप में दिए जाएंगे ये प्रशिक्षण:
समर कैंप के दौरान प्रतिभागियों को स्पोकन इंग्लिश, कंप्यूटर, डांस, पर्सनालिटी डेवलपमेंट, माइक पर बोलने की कला, पत्रकारिता, एंकरिंग, स्केटिंग, सिंगिंग, ड्रामा, क्रिएटिव राइटिंग, इंग्लिश ग्रामर, योग, प्राणायाम, एरोबिक्स, आर्ट एंड क्राफ्ट, ड्राइंग-पेंटिंग, एस्ट्रोनॉमी वर्कशॉप और विज्ञान से जुड़े रोचक प्रयोगों का प्रशिक्षण कुशल प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर संस्थान से जुड़े प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं अन्य जिलों के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
यह समर कैंप बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगा।