बिलाईगढ़। जनपद पंचायत बिलाईगढ़ में राजनीतिक गतिविधियों के बीच एक अहम नियुक्ति सामने आई है। बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहतरा (न) निवासी संजय साहू को क्षेत्र की विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरें द्वारा अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। इस संबंध में आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी कर उन्हें जनपद पंचायत बिलाईगढ़ (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) के लिए विधायक प्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, संजय साहू अब जनपद पंचायत की सामान्य सभाओं, सम्मेलनों एवं पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा में विधायक का प्रतिनिधित्व करेंगे। वे क्षेत्रीय समस्याओं और योजनाओं की निगरानी कर शासन-प्रशासन के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संजय साहू की इस नियुक्ति पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। कांग्रेस नेताओं, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों तथा साहू समाज के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि संजय साहू लंबे समय से कांग्रेस पार्टी के सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं। वे युवा कांग्रेस में जिला महासचिव तथा बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे ब्लॉक कांग्रेस सरसीवा के उपाध्यक्ष के साथ-साथ साहू समाज में परिक्षेत्र अध्यक्ष के पद पर भी कार्यरत हैं।
संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक सक्रियता और जनहित के कार्यों में निरंतर योगदान को देखते हुए ही उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्षेत्रीय जनता को उनसे विकास कार्यों में और तेजी तथा पारदर्शिता की उम्मीद है।