बलौदाबाजार-भाटापारा | 22 जनवरी 2026।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं अपराध नियंत्रण हेतु संचालित “समाधान सेल” के माध्यम से अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के एक मामले में आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20.01.2026 को समाधान सेल हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने अंबुजा सीमेंट संयंत्र ग्राम रवान के कन्वेयर बेल्ट के पास घेराबंदी कर अवैध रूप से शराब बेच रहे एक आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹3200 मूल्य की 32 पाव देशी मसाला शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जप्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: चंद्रशेखर वर्मा
उम्र: 35 वर्ष
निवासी: ग्राम खैरवारडीह
थाना: सिटी कोतवाली
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से साझा करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार एवं अन्य अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।