जनजागरूकता से ही सुरक्षित होंगी सड़कें राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा माह 2026 पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

January 25, 2026


रायपुर, 24 जनवरी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित सड़क संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत 24 जनवरी को राजधानी रायपुर स्थित ऑडिटोरियम में एक भव्य राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, परिवहन मंत्री केदार कश्यप, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित शासन-प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी मंचासीन रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि नागरिक जीवन की रक्षा से जुड़ा निरंतर चलने वाला सामाजिक दायित्व है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने, शराब सेवन के बाद वाहन न चलाने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाने तथा सभी वाहनों का बीमा सुनिश्चित कराने की अपील की।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं चिकित्सा विभाग के आपसी समन्वय से सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं से यातायात नियमों का पालन कर समाज के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के बाद त्वरित सहायता प्रदान करने वाले राहवीरों, उत्कृष्ट सेवा देने वाले चिकित्सकों तथा सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मंच से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए वास्तविक प्रेरणास्रोत हैं।
इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से आरटीओ विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, परिवहन सुविधा केंद्र संचालक, पुलिस मितान, पुलिस विभाग एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और दुर्घटना के बाद प्राथमिक उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
जिला बलौदा बाजार से परिवहन सुविधा केंद्रों के सभी संचालक सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने राजधानी रायपुर पहुंचे थे। बलौदा बाजार आरटीओ के नेतृत्व में पहुंचे संचालकों ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं जिला बलौदा बाजार के आरटीओ विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अपने स्टाफ सहित परिवहन सुविधा केंद्र संचालकों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी ने यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत राजधानी रायपुर में आयोजित यह कार्यक्रम बहु-विभागीय समन्वय, जनभागीदारी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया।

सह संपादक

Share this content:

1 thought on “जनजागरूकता से ही सुरक्षित होंगी सड़कें राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा माह 2026 पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम”

Leave a Comment