बलौदाबाजार। 13 फरवरी 2026 टंकराम वर्मा ने जिला प्रवास के दौरान राजस्व पखवाड़ा अंतर्गत आयोजित राजस्व शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री वर्मा ने विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम पंचायत चांपा स्थित पंचायत भवन में आयोजित शिविर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, किसान किताब सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयावधि में किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
मंत्री ने कहा कि राजस्व शिविर आमजनों की राजस्व सहित अन्य प्रशासनिक समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। शिविर में कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें फौती के 5, बटवारा के 2, अभिलेख त्रुटि सुधार का 1, किसान किताब के 2 तथा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के 10 आवेदन शामिल रहे।
मौके पर ही 2 किसान किताब, 10 आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र तथा स्वामित्व योजना अंतर्गत 64 अधिकार अभिलेखों का वितरण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने ग्राम चांपा के शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान का भी अवलोकन किया। उन्होंने खाद्यान्न सामग्री की उपलब्धता और समय पर राशन वितरण की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।