गर्मी से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करें, ट्रांसफार्मर बदलने में न हो देरी – कलेक्टर कुलदीप शर्मा

TEJASWI NATH SONI

March 19, 2026

सीएसपीडीसीएल की समीक्षा बैठक में शिकायतों के त्वरित निराकरण और अवैध कनेक्शन पर कार्रवाई के निर्देश

बलौदाबाजार, 19 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए ट्रांसफार्मर बदलने और मेंटेनेंस कार्य समय पर पूरा किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बिजली कटौती या परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि डिमांड जारी होते ही नए ट्रांसफार्मर तत्काल लगाए जाएं और बिजली से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

अवैध कनेक्शन और हुकिंग पर सख्ती

बैठक में कलेक्टर ने अवैध रूप से हुकिंग कर बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही रबी फसल के लिए अस्थायी कनेक्शन से बोरवेल के उपयोग पर रोक लगाने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल संसाधन विभाग की एनओसी पूर्ण आकलन के बाद ही अस्थायी कनेक्शन दिया जाए।

बारिश से पहले शाखा कर्तन के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को बारिश से पहले पेड़ों की शाखा कटाई (ट्री ट्रिमिंग) का कार्य पूर्ण करने को कहा, ताकि तूफान या बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था प्रभावित न हो और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

सोलर योजना में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि जिले को 12,000 सोलर पैनल इंस्टॉलेशन का लक्ष्य मिला है, जिसमें अब तक 3104 हितग्राहियों द्वारा सोलर पैनल लगवाया गया है। उन्होंने इस योजना में तेजी लाने और उदासीन वेंडर्स को बदलने के निर्देश दिए।

फील्ड विजिट पर जोर

कलेक्टर ने सहायक यंत्री और कनिष्ठ अभियंताओं को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रीष्मकाल में पेयजल और निस्तारी के लिए बिजली उपयोग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में अधीक्षण अभियंता श्री अनंत सहित तीनों विद्युत संभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment