रामभांठा मारपीट मामला: कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई, बलवा के आरोप में 7 आरोपी गिरफ्तार

TEKRAM KOSLE

December 17, 2025

रिपोर्टर टेकराम कोसले

रायगढ़, 17 दिसंबर 2025 | छत्तीसगढ़ पुलिस

रायगढ़ जिले के रामभांठा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए मारपीट, गाली-गलौच और तोड़फोड़ के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए बलवा के अपराध में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया उषा चौहान (20 वर्ष) निवासी जवाहर नगर रामभांठा ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में बताया गया कि 15 दिसंबर 2025 की रात करीब 9 बजे, उसकी बहन ईशा चौहान ने पुरानी रंजिश के चलते सोनी सारथी और बादल उर्फ सानू सारथी के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इस रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 659/2025 अंतर्गत धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।

रिपोर्ट से नाराज आरोपियों ने किया हमला

पुलिस रिपोर्ट दर्ज होने से नाराज होकर 16 दिसंबर 2025 की दोपहर, आरोपी सोनी सारथी अपने भाई आकाश सारथी, बादल उर्फ सानू, तथा उनके अन्य साथी अनिकेत सारथी, अंकित सारथी, ओम सारथी, कान्हा और यश के साथ हथौड़ा, डंडा और लोहे की रॉड लेकर प्रार्थिया के घर पहुंचे।

आरोपियों ने थाना में रिपोर्ट करने की बात को लेकर गाली-गलौच की, फिर हाथ-मुक्कों और हथियारों से मारपीट की। इसके अलावा घर के बाहर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल और बजाज पल्सर NS-200 में भी तोड़फोड़ की गई।

बलवा का अपराध दर्ज, हथियार जब्त

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 661/2025 अंतर्गत धारा 333, 296, 351(2), 115(2), 191(2), 191(3), 324(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं पुलिस स्टाफ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे का हथौड़ा, बेसबॉल बैट और बांस का डंडा बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. बादल उर्फ सानू सारथी, पिता रमेश सारथी, उम्र 20 वर्ष

2. आकाश सारथी, पिता रमेश सारथी, उम्र 28 वर्ष

3. सोनी उर्फ दुर्गा सारथी, पिता रमेश सारथी, उम्र 35 वर्ष

4. ओम सारथी, पिता मनोज सारथी, उम्र 19 वर्ष

5. यश महानंद, पिता सचित्रसेन महानंद, उम्र 19 वर्ष

6. अंकित सारथी, पिता खोलू सारथी, उम्र 21 वर्ष

7. अनिकेत सारथी, पिता खोलू सारथी, उम्र 19 वर्ष

 

👉 सभी आरोपी निवासी जवाहर नगर, रामभांठा, रायगढ़ हैं।

न्यायालय में पेश, न्यायिक रिमांड

गिरफ्तार सभी आरोपियों को आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment