प्रशासन की संवेदनशीलता अब खुद के पैरों पर बढ़ेंगे राजकुमार, कलेक्टर दीपक सोनी ने की मदद

SARJU PRASAD SAHU

December 22, 2025

बलौदाबाजार। 22 दिसम्बर 2025 प्रशासन जब संवेदनशील होता है, तो वह केवल फाइलें नहीं निपटाता, बल्कि आम आदमी की जिंदगी बदलने का जरिया बनता है। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के साझा प्रयासों से आज ग्राम पंचायत बलौदा के रहने वाले 49 वर्षीय राजकुमार पटेल के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। कलेक्टर दीपक सोनी ने उनकी शारीरिक चुनौतियों को समझते हुए उन्हें व्हीलचेयर प्रदान की, जो उनके लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि स्वावलंबन का नया रास्ता है।

इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि दिव्यांगजनों को जरूरी सुविधाएं और सहायक उपकरण उपलब्ध कराना प्रशासन की नैतिक और संवेदनशील जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य है कि समाज का हर वर्ग सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जी सके।

बदलेगी राजकुमार की दुनिया

अपनी नई व्हीलचेयर पाकर राजकुमार पटेल भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि अब तक उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों और आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उनके दैनिक कार्य काफी प्रभावित होते थे। राजकुमार ने कहा, “इस व्हीलचेयर के आने से मेरी मुश्किलें कम होंगी। अब मैं बिना किसी की मदद के घर के बाहर निकल सकूंगा और अपने काम खुद कर सकूंगा।”

राजकुमार ने इस मदद के लिए शासन और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। यह पहल न केवल एक व्यक्ति की मदद है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सशक्तिकरण का एक बड़ा संदेश भी है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment