राजधानी रायपुर में 23 से 25 जनवरी तक होगा रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का आयोज

TEJASWI NATH SONI

January 7, 2026

बलौदाबाज़ार-भाटापारा, 07 जनवरी 2026/

छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 23, 24 एवं 25 जनवरी 2026 को रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह त्रि-दिवसीय उत्सव पुरखौती मुक्तांगन, नवा रायपुर में आयोजित होगा, जिसका केंद्रीय विषय “आदि से अनादि तक” रखा गया है।

रायपुर साहित्य उत्सव–2026 में देशभर की विभिन्न भाषाओं के प्रतिष्ठित साहित्यकार, चिंतक, कलाकार एवं साहित्य प्रेमी एक साझा मंच पर एकत्रित होंगे। यह उत्सव साहित्य, कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति का एक जीवंत संगम बनेगा।

नवीन प्रतिभाओं के लिए ‘प्रतिभा मंच’

उत्सव का एक प्रमुख आकर्षण ‘प्रतिभा मंच’ होगा, जिसके माध्यम से उभरती हुई प्रतिभाओं को अपनी कला को प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। इस मंच पर गायन, कविता, कहानी, शायरी, रैप, नृत्य, बीट बॉक्सिंग सहित अन्य रचनात्मक विधाओं में प्रतिभागी अपनी लाइव प्रस्तुतियाँ दे सकेंगे।

जिले के इच्छुक युवा QR कोड के माध्यम से अथवा साहित्य उत्सव की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

साहित्य, कला और संवाद का व्यापक मंच

उत्सव के अंतर्गत साहित्य बाज़ार भी लगाया जाएगा, जहां पुस्तकों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के साथ-साथ लेखकों से सीधा संवाद करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा चित्रकला प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा कलाकारों की पेंटिंग्स और लाइव पेंटिंग सेशन आकर्षण का केंद्र होंगे।

युवाओं को ध्यान में रखते हुए उत्सव स्थल पर रील एवं सेल्फी स्पॉट भी तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही परिचर्चा सत्र एवं लेखन कार्यशालाओं के माध्यम से साहित्य, लेखन और रचनात्मक करियर पर गहन संवाद किया जाएगा। युवाओं के लिए विशेष लेखन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

सांस्कृतिक संध्या रहेगी विशेष आकर्षण

प्रतिदिन सायंकालीन समय में लोकनृत्य, संगीत एवं रंगमंच प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे साहित्य उत्सव को सांस्कृतिक रंगों से और अधिक समृद्ध किया जाएगा।

रायपुर साहित्य उत्सव 2026 न केवल साहित्य और कला प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा, बल्कि यह प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और पहचान बनाने का एक सशक्त अवसर भी प्रदान करेगा।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment