रायपुर: टिकरापारा पुलिस और एसीसीयू की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो गांजे के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

February 19, 2026

रायपुर: टिकरापारा पुलिस और एसीसीयू की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो गांजे के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर | दिनांक: 19 फरवरी, 2026

​रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ‘एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट’ (ACCU) और थाना टिकरापारा की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 5 लाख रुपये मूल्य का 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।

​पुलिस को 17 फरवरी को सूचना मिली थी कि भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान के पास दो महिलाएं गांजा बेचने की फिराक में खड़ी हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया।

​पकड़ी गई महिलाओं में से एक छत्तीसगढ़ और दूसरी मध्य प्रदेश की निवासी है। पूछताछ में उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. खिलेश्वरी वर्मा (18 वर्ष): निवासी भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर।
  2. इसरत बानो (21 वर्ष): निवासी शहडोल, थाना सोहागपुर, मध्य प्रदेश।

​तलाशी लेने पर उनके बैग से 10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 137/26, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

​रायपुर पुलिस अब इस मामले में ‘End-to-End’ कार्रवाई की तैयारी में है। गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वे यह माल कहाँ से लाई थीं और इसे किसे सप्लाई करने वाली थीं। पुलिस का लक्ष्य मुख्य सप्लायरों तक पहुँचना है।

2026 के आंकड़े:

इस वर्ष अब तक एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट ने गांजा तस्करी के 14 प्रकरणों में 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 141.768 किलो गांजा, वाहन और मोबाइल सहित लगभग 83.25 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की जा चुकी है।

 

Share this content:

Leave a Comment