रायगढ़: स्कूली बच्चों को नशे के लिए व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालक गिरफ्तार, भेजे गए जेल

BIRENDRA KUMAR SEN

January 30, 2026

रायगढ़: स्कूली बच्चों को नशे के लिए व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालक गिरफ्तार, भेजे गए जेल

लैलूंगा (रायगढ़): रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ जारी अभियान में एक बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने दो स्टेशनरी संचालकों को नाबालिग बच्चों को नशे के लिए ‘व्हाइटनर’ बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश

​थाना प्रभारी लैलूंगा, उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि हाईस्कूल के सामने स्थित ‘साक्षी स्टेशनरी’ और ‘प्रिया फैन्सी एवं स्टेशनरी’ के संचालक भारी मात्रा में व्हाइट इंक (व्हाइटनर) रखकर नाबालिगों को नशे के लिए बेच रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दोनों दुकानों पर छापेमारी की।

भारी मात्रा में सामग्री और मोबाइल जब्त

​पुलिस की कार्रवाई के दौरान दुकानों से निम्नलिखित सामग्री बरामद की गई:

  • व्हाइटनर पेन सेट: कुल 234 नग ‘कोरस इराज-एक्स’ व्हाइट इंक करेक्शन पेन (कीमत लगभग ₹6,990)।
  • इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: एक रियलमी मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹5,000)।

गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज

​पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी चंद्रभान पटेल (41 वर्ष) और उमेश पटेल (30 वर्ष) यह भली-भांति जानते थे कि व्हाइटनर एक हानिकारक पदार्थ है, जिसका सेवन बच्चों के जीवन और मानसिक विकास के लिए घातक है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ:

  1. जे.जे. एक्ट की धारा 77 (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम)
  2. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123, 275 और 286 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इनकी रही मुख्य भूमिका

​इस सफल कार्रवाई में एएसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गिरधारी साव, एएसआई राजेश दर्शन, आरक्षक सुमित एक्का और जितेंद्र कुर्रे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share this content:

Leave a Comment