लैलूंगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: दो नाबालिगों से दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी और सहयोगी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार
रायगढ़ | रायगढ़ पुलिस ने महिला सुरक्षा और गंभीर अपराधों के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना लैलूंगा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
16 फरवरी को दो नाबालिग बालिकाएं अपने परिजनों के साथ थाना लैलूंगा पहुंचीं और ग्राम किलकिला निवासी ओमप्रकाश पैंकरा उर्फ प्रकाश उर्फ राहुल के विरुद्ध दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला नाबालिगों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एसडीओपी धरमजयगढ़ को निर्देशित किया कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और पीड़िताओं की निजता व सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव ने टीम गठित कर दबिश दी। पुलिस की तत्परता का परिणाम यह रहा कि महज 12 घंटों में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- ओमप्रकाश पैंकरा उर्फ प्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा (22 वर्ष): निवासी ग्राम किलकिला, थाना लैलूंगा (मुख्य आरोपी)।
- जयकिशन धोबा (20 वर्ष): निवासी ग्राम टुरटुरा, थाना लैलूंगा (घटना में सहयोगी)।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ओमप्रकाश ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटर सायकल (CG 13 MU 3456) को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।