रिपोर्ट: शिखा दास, महासमुंद
महासमुंद/पिथौरा, घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग द्वारा पिथौरा में की गई कार्रवाई के बाद अब पूरे नगर में चर्चा और सवालों का दौर शुरू हो गया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की संयुक्त टीम ने होटल, ढाबों और गैस एजेंसियों की जांच कर कई स्थानों पर घरेलू सिलेंडरों के उपयोग और स्टॉक में अनियमितता पाए जाने का दावा किया है।
गैस एजेंसी में मिली अनियमितता
जांच के दौरान पिथौरा स्थित जगन्नाथ इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम का भौतिक सत्यापन किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वास्तविक स्टॉक से 14.2 किलोग्राम के 39 घरेलू सिलेंडर, 5 किलोग्राम के 19 छोटे सिलेंडर तथा 19 कमर्शियल सिलेंडर कम पाए गए। इस अनियमितता के चलते कुल 625 सिलेंडर जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है।
होटल और ढाबों में भी कार्रवाई
खाद्य विभाग की टीम ने पिथौरा के कुछ होटलों और ढाबों में भी जांच की। इस दौरान
-
संतोष होटल से 6 घरेलू सिलेंडर,
-
हनुमान मारवाड़ी शाकाहारी भोजनालय से 3 घरेलू सिलेंडर,
-
महाकाल चाय सेंटर से 1 घरेलू सिलेंडर
व्यावसायिक उपयोग में पाए जाने पर जब्त किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश 2000 के उल्लंघन के कारण की गई है और संबंधित प्रकरण सक्षम न्यायालय महासमुंद में प्रस्तुत किए जाएंगे।
भोजनालय संचालक ने लगाए आरोप
इस कार्रवाई के बाद हनुमान मारवाड़ी भोजनालय के संचालक भरत जोशी ने विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भोजनालय में भोजन कमर्शियल सिलेंडर से ही तैयार किया जाता है और जब्त किए गए तीनों सिलेंडर उनके आवासीय उपयोग के थे।
भरत जोशी ने आरोप लगाया कि पिछले 15 दिनों से उन्हें गैस एजेंसी से कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया, जबकि उनका परिवार वर्षों से बस स्टैंड क्षेत्र में शुद्ध शाकाहारी भोजनालय चला रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कमर्शियल सिलेंडर ही उपलब्ध नहीं होगा तो व्यवसाय चलाना मुश्किल हो जाएगा।
नगर में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई
नगर के लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि बस स्टैंड स्थित यह भोजनालय करीब 30–35 वर्षों से कम दरों पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रसिद्ध है और यहां संचालक का आवास भी उसी परिसर में है। ऐसे में आवासीय उपयोग के सिलेंडर जब्त किए जाने को लेकर लोगों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
अधिकारियों का पक्ष
जांच दल में शामिल अधिकारियों में हरीश सोनेश्वरी (सहायक खाद्य अधिकारी), मनीष यादव (सहायक खाद्य अधिकारी), सुशील शर्मा, अविनाश दुबे और दिव्यांशु देवांगन (खाद्य निरीक्षक) शामिल थे।
खाद्य निरीक्षक दिव्यांशु देवांगन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार होटल और ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग प्रतिबंधित है और आगे भी ऐसी जांच जारी रहेगी।
विभाग की अपील
खाद्य विभाग ने सभी होटल और ढाबा संचालकों से अपील की है कि वे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल सिलेंडर का ही उपयोग करें। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पिथौरा के होटल और ढाबा संचालकों में भी चिंता का माहौल देखा जा रहा है। वहीं नगर में यह चर्चा भी है कि भविष्य में जांच अभियान और तेज हो सकता है।