शिक्षा विभाग की गरिमा पर सवाल, वायरल वीडियो को लेकर ABVP का ज्ञापन, 5 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन

SARJU PRASAD SAHU

February 9, 2026

मनेंद्रगढ़ | 6 फरवरी 2026 जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मनेंद्रगढ़ से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यालय का एक कर्मचारी टेबल पर पैर रखकर मोबाइल चलाते हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यसंस्कृति, अनुशासन और मर्यादा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नगर इकाई मनेंद्रगढ़ के कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। ज्ञापन में कहा गया कि शासकीय कार्यालयों में इस प्रकार का आचरण सेवा नियमों के प्रतिकूल है और इससे शिक्षा विभाग की गरिमा को ठेस पहुंचती है।

ABVP ने मांग की है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कर्मचारियों को व्यवहार, अनुशासन एवं कार्यसंस्कृति से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक श्री बलवीर पुषाम, नगर मंत्री बिजेंद्र मिश्रा, नगर सह मंत्री महेश कौशिक, देव कुमार, सबिता चक्रधारी, महाविद्यालय प्रमुख राजबली सिंह, नगर खेल प्रमुख अमन जायसवाल, सक्रिय कार्यकर्ता मनोज तिवारी, मोनित, शिवम, नगर के पूर्व नगर सह मंत्री राज नामदेव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगर मंत्री बिजेंद्र मिश्रा ने कहा कि “शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ विद्यार्थी परिषद बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि 5 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला शिक्षा प्रशासन एवं जिला प्रशासन की होगी।”

वहीं नगर सह मंत्री महेश कौशिक ने कहा कि “छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। यदि छात्रों के भविष्य के साथ लापरवाही की जाएगी, तो राष्ट्र आगे कैसे बढ़ेगा। यह केवल एक कार्यालय या एक जिले का विषय नहीं, बल्कि पूरे तंत्र से जुड़ा गंभीर मामला है। ऐसे गैर-जिम्मेदार आचरण पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है।”

ABVP कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि शिक्षा से जुड़े शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, मर्यादा और जवाबदेही अनिवार्य है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment