
रिपोर्टर टेकराम कोसले
रायगढ़, 24 दिसंबर 2025 |
पुसौर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुसौर पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के मार्गदर्शन में की गई।
12 सितंबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2025 को थाना पुसौर में एक महिला द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री उसी दिन सुबह बिना बताए घर से लापता हो गई है। परिजनों को आशंका थी कि किसी अज्ञात युवक द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है।
इस पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 257/2025, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की।
23 दिसंबर को बालिका बरामद, आरोपी पकड़ा गया
लगातार की जा रही खोजबीन के दौरान 23 दिसंबर 2025 को पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को आरोपी गणेश उरांव के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया। मौके पर गवाहों की उपस्थिति में दस्तयाबी पंचनामा तैयार किया गया।
शादी का झांसा देकर बनाया शिकार
महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी गणेश उरांव ने उसे शादी का झांसा देकर भगाया तथा उसके नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद जबरन पत्नी की तरह रखते हुए उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
मेडिकल जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता का सीएचसी पुसौर में मेडिकल परीक्षण कराया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी गणेश उरांव पिता सुरेश उरांव, उम्र 21 वर्ष, निवासी थाना पुसौर, जिला रायगढ़ ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी का भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को 24 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर एवं पुसौर थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।