कसडोल।
भारत सरकार द्वारा वर्ष 1995 में प्रारंभ किया गया पल्स पोलियो अभियान आज भी बच्चों को पोलियो जैसी घातक बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में एक सशक्त राष्ट्रीय पहल के रूप में निरंतर जारी है। इसी कड़ी में कसडोल नगर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पल्स पोलियो अभियान के तहत व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के अंतर्गत कसडोल नगर के वार्ड क्रमांक 9, 10, 11, 12 तथा 13, 14, 15 को संयुक्त रूप से शामिल करते हुए बजरंग चौक एवं माँ बगदेवी चौक में पोलियो बूथ स्थापित किए गए। यहां स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं मितानिन दीदियों द्वारा 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन (ओपीवी) की दो बूंद पिलाई गई।
इस अवसर पर डॉ. सुदीप मानिकपुरी, अध्यक्ष भाजपा मंडल कसडोल एवं उपाध्यक्ष नगर पंचायत कसडोल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अभियान में सहभागिता निभाई। उन्होंने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलवाने के साथ-साथ वार्डवासियों को इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के महत्व के बारे में जागरूक किया। डॉ. मानिकपुरी ने कहा कि “पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। बच्चों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद पुनेश्वर नाथ मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन दीदियां एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि पल्स पोलियो अभियान के तहत विशेष रूप से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाती है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए। कसडोल नगर में अभियान को लेकर सकारात्मक माहौल देखा गया और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक अपने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलवाई।