
अर्जुनी (ब) ।15 जनवरी सिरपुर महा समिति मरार संघ के अंतर्गत अर्जुनी (ब) परिक्षेत्र में परिक्षेत्र स्तरीय मां शाकंभरी अवतरण दिवस का भव्य आयोजन गुरुवार को ग्राम अर्जुनी में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां शाकंभरी की विधिवत पूजा-अर्चना से की गई, जिसमें अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती की गई। इसके पश्चात कलश यात्रा निकालकर ग्राम में गली भ्रमण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरार महा संघ छत्तीसगढ़ के प्रांतीय अध्यक्ष बरत राम पटेल ने मां शाकंभरी के अवतरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा को अनिवार्य बताया। उन्होंने समाज को नशामुक्त जीवन अपनाने, परिश्रम और ईमानदारी के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा दी। साथ ही मरार महा संघ के गठन, उसके उद्देश्यों, विचारधारा एवं सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि ग्राम अर्जुनी में यह पहला अवसर था, जब महासंघ के उद्देश्यों और कार्यों से ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य गायत्री बरिहा ने कहा कि मरार समाज अपने परिश्रम के बल पर न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण करता है, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने ग्राम अर्जुनी में समाज के लिए मंगल भवन निर्माण कराने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर परिक्षेत्र अध्यक्ष होरी लाल पटेल, रामनारायण पटेल, चित्रगंगा पटेल, गौरी बाई, ललिता बाई, परदेश बाई, उमा देवी पटेल, तिरत बाई, प्रभु निषाद, रामदयाल ध्रुव, चंद्रिका प्रसाद पटेल, रूखमणी पटेल, तुलसी पटेल, मुन्ना लाल, सुखदायल, फणिदेव, अशोक, नेमि चंद सहित ग्राम के समस्त सामाजिक बंधु एवं अन्य समाजों के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और आयोजन की गरिमा बढ़ाई।