
आशियाना मिलने से बदली साधो बाई की तकदीर: अब न बारिश का डर, न जहरीले कीड़ों का खौफ
बलौदाबाजार-भाटापारा । 20 जनवरी 2026 जिले के ग्राम पंचायत कसियारा निवासी साधो बाई पटेल के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने नई रोशनी भर दी है। वर्षों तक कच्चे मकान की असुरक्षा में जीवन बिताने वाली साधो बाई को जब पक्के मकान की चाबी मिली, तो उनके चेहरे पर सुकून और आत्मविश्वास साफ झलकने लगा। यह आवास उनके लिए केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और स्थिर जीवन का आधार बन गया है।
साधो बाई बताती हैं कि पहले बारिश के दिनों में कच्ची छत से पानी टपकता था। घर का सामान और राशन भीग जाता था, वहीं मिट्टी की दीवारों के कारण जहरीले कीड़े-मकोड़ों का हमेशा खतरा बना रहता था। कड़ाके की ठंड में सर्द हवाएं घर के भीतर तक घुस आती थीं, जिससे रातें काटना मुश्किल हो जाता था और पूरा जीवन अस्थिर बना रहता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने के बाद अब उनकी सभी परेशानियां दूर हो गई हैं। मजबूत दीवारें और पक्की छत ने उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक आवास दिया है, जहाँ अब न बारिश की चिंता है और न ही ठंड या कीट-पतंगों का भय। साधो बाई ने इस राहत के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि सरकार की इस योजना ने उनके जैसे गरीब परिवारों को केवल छत ही नहीं दी, बल्कि आत्मसम्मान के साथ जीने का नया सहारा भी प्रदान किया है।