
दतरेंगी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दतरेंगी में साइबर जागरूकता, नशामुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक अभिनव जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में पलारी थाना प्रभारी श्री परिवेश तिवारी ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है, वहीं नशे से दूर रहकर युवा अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं।
कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। रैली ने गांव में जागरूकता का माहौल बनाया और युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
इसी क्रम में थाना प्रभारी श्री परिवेश तिवारी एवं ग्रामीणों की सहभागिता से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से सामाजिक जागरूकता के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्री रवि शंकर वर्मा, SMC अध्यक्ष श्रीमती कांति चक्रधारी, विज्ञान क्लब प्रभारी श्रीमती भारती साहू, इको क्लब प्रभारी सुश्री गौरी भारद्वाज, श्रीमती क्रांति कौशिक सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य श्री रोमेश चंद्र खोटे के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
युवा क्रांति संगठन ने की पहल की सराहना
विद्यालय द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों पर लगातार नए अंदाज में जागरूकता अभियान चलाए जाने की गांव के युवाओं ने सराहना की। युवा क्रांति संगठन ने विद्यालय की पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसी पहल युवाओं और ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संगठन ने विद्यालय प्रबंधन एवं अभियान से जुड़े सभी लोगों की सक्रिय पहल की प्रशंसा की।