रायपुर। यातायात, कमिश्नरेट रायपुर 01.02.2026 रायपुर पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने जयस्तंभ चौक में स्थापित आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-चालान बनने की प्रक्रिया एवं आईटीएमएस के अंतर्गत स्थापित समस्त तकनीकी सिस्टम की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने यातायात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कमिश्नरेट प्रणाली के अंतर्गत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से ही शत-प्रतिशत ई-चालान तैयार किए जाएं। ई-चालान बनने के पश्चात वाहन स्वामी को मोबाइल पर एसएमएस एवं व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से सूचना अनिवार्य रूप से भेजी जाए।
90 दिनों में जुर्माना नहीं भरने पर न्यायालय भेजा जाएगा प्रकरण
पुलिस कमिश्नर ने निर्देशित किया कि जो वाहन स्वामी निर्धारित 90 दिवस की अवधि में ई-चालान की जुर्माना राशि का भुगतान नहीं करते, उन्हें नोटिस जारी कर प्रकरण न्यायालय भेजा जाए।
परिवहन सेवाएं होंगी बाधित
उन्होंने परिवहन विभाग से समन्वय बनाकर निर्देश दिए कि ई-चालान लंबित रहने की स्थिति में वाहन एवं वाहन स्वामी की परिवहन संबंधी सेवाएं जैसे—
लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, नामांतरण, बीमा एवं प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र—को रोका जाए।
जुर्माना राशि के भुगतान के बाद ही सेवाएं पुनः प्रारंभ की जाएं।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इससे ई-चालान भुगतान प्रतिशत में वृद्धि होगी, वाहन स्वामी ई-चालान की महत्ता को समझेंगे तथा शहर में यातायात अनुशासन स्थापित होगा।
मौके पर चालान की बजाय ई-चालान पर जोर
उन्होंने कहा कि जहां मौके पर चालान काटना अत्यंत आवश्यक न हो, वहां मौके पर चालान बंद किया जाए। सभी यातायात कर्मियों को ई-चालान डिवाइस उपलब्ध कराई गई है, उसका पूर्ण उपयोग कर कैमरों से फोटो लेकर ई-चालान तैयार कर आईटीएमएस सिस्टम में भेजा जाए। इससे कार्यवाही में पारदर्शिता आएगी और आमजन के साथ होने वाले विवादों से बचा जा सकेगा।
गंभीर उल्लंघनों पर मौके पर कार्रवाई
नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे गंभीर यातायात उल्लंघनों पर मौके पर एल्कोमीटर से जांच कर चालान तैयार किया जाए तथा नो-एंट्री जैसे मामलों को न्यायालय भेजा जाए।
खराब सिग्नल व कैमरे तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश
पुलिस कमिश्नर ने एल एंड टी कंपनी के मैनेजर श्री दीपक मालवीय को निर्देश दिए कि बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नल एवं कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम जनता की सुविधा के लिए स्थापित किया गया है और यातायात पुलिस से सूचना मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।