बलौदाबाजार, 16 दिसम्बर 2025/
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कार्यों की योजना निर्माण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में जिले में युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से जीआईएस आधारित ग्राम पंचायत योजनाओं की एंट्री की जा रही है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत की कार्ययोजना अब युक्तधारा पोर्टल पर तैयार की जा रही है। जिले के सभी 5 जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली समस्त ग्राम पंचायतों में मनरेगा के कार्य अब जीआईएस आधारित योजना प्रणाली के माध्यम से क्रियान्वित किए जाएंगे। इससे योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी तथा प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो सकेगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 से मनरेगा के सभी कार्यों को युक्तधारा पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसी क्रम में जिले की 519 ग्राम पंचायतों में जीआईएस आधारित प्लान तैयार कर परिसंपत्तियों का भौतिक सत्यापन किया गया है। अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से कार्य स्थलों की उपयुक्तता का आकलन कर अक्षांश एवं देशांतर (Latitude-Longitude) के साथ योजनाओं को पोर्टल पर अपलोड किया गया है।
अब भविष्य में ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले सभी कार्यों को ग्राम सभा से अनुमोदन के उपरांत ही युक्तधारा पोर्टल में प्रविष्ट कर प्राथमिकता क्रम के अनुसार स्वीकृति दी जाएगी। योजना निर्माण में जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन संवर्धन, कृषि एवं आजीविका से जुड़े कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
युक्तधारा पोर्टल पर जीआईएस एवं सैटेलाइट मैपिंग के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का सटीक विश्लेषण संभव होगा। इससे जल संरक्षण, भूमि विकास, वनीकरण जैसे कार्यों की वैज्ञानिक और प्रभावी योजना बनाई जा सकेगी। इस पहल से परिसंपत्तियों के निर्माण में गुणवत्ता, डाटा आधारित निर्णय, योजनाओं में दोहराव की रोकथाम तथा मनरेगा में डिजिटल पारदर्शिता और जवाबदेही को नई मजबूती मिलेगी, जिससे ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।