
रिपोर्टर टेकराम कोसले
सुहेला, 28 फरवरी 2026। होली पर्व के मद्देनजर थाना सुहेला परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से होली का त्यौहार आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि होलिका दहन के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। बिजली के तारों के नीचे होलिका दहन न किया जाए तथा हरे-भरे पेड़ों को काटकर होलिका में न डाला जाए। पर्यावरण संरक्षण और जन सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
होली में किसी प्रकार के डरावने मुखौटे का उपयोग न करें।
शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
वर्तमान में चल रही स्कूली परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तेज लाउडस्पीकर न बजाएं।
किसी भी महिला या नाबालिग बच्चे को जबरदस्ती रंग न लगाएं।
यातायात नियमों का पालन करें और स्टंटबाजी से बचें।
प्रशासन द्वारा यह भी बताया गया कि यदि कोई वाहन चालक लापरवाही या खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए दिखाई दे तो उसका फोटो या वीडियो बनाकर त्रिनयन शिकायत नंबर 9479226641 पर अपलोड किया जा सकता है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में किशोर वर्मा (तहसीलदार सुहेला), दिलीप कुमार शामल (नायब तहसीलदार), धीरेंद्र नाथ दुबे (थाना प्रभारी) सहित थाना स्टाफ, ग्राम कोटवार, सरपंच एवं अन्य ग्राम प्रमुख उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। पुलिस द्वारा होली पर्व के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने की भी जानकारी दी गई।