बलौदाबाजार, 16 दिसम्बर 2025/
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है। जिले की 129 सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित 166 उपार्जन केंद्रों में अब तक 52,071 किसानों से 2,38,451 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 526 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी सहकारी समितियों में माइक्रो एटीएम की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को समिति स्तर पर ही नगद आहरण की सुविधा मिल रही है। इससे किसानों को बैंक जाने की परेशानी से राहत मिली है और भुगतान प्रक्रिया और अधिक सरल हुई है।
किसानों की दैनिक जरूरतों एवं व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा तूहर टोकन ऐप को 24×7 उपलब्ध करा दिया गया है। अब किसान किसी भी समय अग्रिम टोकन प्राप्त कर सकते हैं, जिससे समितियों में भीड़, तकनीकी दबाव और अंतिम समय की हड़बड़ी जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। इससे धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बन रही है।
राज्य सरकार ने लघु एवं सीमांत किसानों के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 2 एकड़ अथवा उससे कम रकबा वाले किसान अब 31 जनवरी 2026 तक तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इस निर्णय से छोटे किसानों को पर्याप्त समय मिलेगा और उन्हें धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी और समन्वय के साथ धान खरीदी कार्य को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक किसान को समय पर भुगतान और सुविधाजनक व्यवस्था का लाभ मिल सके।