धान परिवहन ठप, खरीदी केंद्र में मचा हाहाकार — किसान परेशान, जिला अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे नाराज़

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

December 26, 2025


रोहांसी
नगर पंचायत रोहांसी स्थित धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं का गंभीर मामला सामने आया है। किसानों की लगातार शिकायतों के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा घृतलहरे एवं नगर पंचायत अध्यक्ष नंदेश्वर साहू ने खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। मौके पर धान परिवहन पूरी तरह ठप होने की बात सामने आई, जिससे किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

किसानों के अनुसार अब तक केवल 40 प्रतिशत धान की ही खरीदी हो पाई है, जबकि 60 प्रतिशत धान अभी भी बाकी है। खरीदी धीमी होने के साथ-साथ पहले से खरीदे गए धान का परिवहन नहीं होने से केंद्र में बोरी का अंबार लग गया है। इससे नई खरीदी प्रभावित हो रही है और किसान कई दिनों से लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि तौल के दौरान 200 ग्राम अतिरिक्त वजन लिया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। इस पर जिला अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा घृतलहरे ने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान परिवहन व्यवस्था तत्काल शुरू की जाए, ताकि खरीदी कार्य सुचारु रूप से चल सके। साथ ही तौल प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने के आदेश भी दिए गए।

नगर पंचायत अध्यक्ष नंदेश्वर साहू ने किसानों को भरोसा दिलाया कि समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा और प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

फिलहाल धान परिवहन बाधित होने से किसान बेहद परेशान हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment