बलौदाबाजार, 15 दिसम्बर 2025/
जिले में धान खरीदी को और अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से उपार्जन केंद्रों की दैनिक खरीदी सीमा में वृद्धि की गई है। कलेक्टर दीपक सोनी ने सोमवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की लिमिट को 1 लाख 36 हजार क्विंटल से बढ़ाकर 1 लाख 82 हजार क्विंटल कर दिया गया है, जिससे प्रतिदिन अधिक संख्या में किसान आसानी से धान विक्रय कर सकेंगे।
कलेक्टर ने धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों से धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) के विरुद्ध उठाव की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिक संख्या में ट्रकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मिलर्स की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चेक पोस्टों पर संयुक्त टीमों के माध्यम से अवैध धान परिवहन पर कड़ी नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने किसानों से अतिरिक्त रकबा समर्पण को अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे शेष रकबे में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से धान बिक्री की संभावना समाप्त होगी।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी 166 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी निरंतर जारी है। अब तक 48,248 किसानों से कुल 2,20,762 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही 22,823 किसानों द्वारा लगभग 362 हेक्टेयर अतिरिक्त रकबा समर्पित किया गया है।
धान उठाव की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के 116 उपार्जन केंद्रों से डीओ के विरुद्ध उठाव प्रारंभ हो चुका है। अब तक 74,813 मीट्रिक टन धान के उठाव हेतु डीओ जारी किए गए हैं, जिसके विरुद्ध 35,789 मीट्रिक टन धान का उठाव पूर्ण किया जा चुका है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं तथा शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।