फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल गुणवत्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

TEJASWI NATH SONI

December 16, 2025

बलौदाबाजार, 16 दिसम्बर 2025/ ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जनपद पंचायत बलौदाबाजार में फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जिला स्तरीय जल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बलौदाबाजार विकासखंड की जल वाहिनियों ने सहभागिता की।

 

प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पेयजल में फ्लोराइड, आयरन, नाइट्रेट, पीएच, टर्बिडिटी एवं अवशिष्ट क्लोरीन की जांच की व्यावहारिक विधि की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही जल स्रोत संरक्षण, जल गुणवत्ता निगरानी तथा विभिन्न पेयजल योजनाओं से संबंधित दिशा-निर्देशों पर भी प्रकाश डाला गया।

 

कार्यक्रम के दौरान हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल डेमो के माध्यम से जल जांच की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। उत्कृष्ट सहभागिता एवं कार्य प्रदर्शन करने वाली जल वाहिनियों को फील्ड टेस्ट किट प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

 

इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पी.सी. पटेल ने पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच पर जोर देते हुए कहा कि फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से ग्राम स्तर पर जल गुणवत्ता की त्वरित पहचान संभव है, जिससे आमजन को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

 

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सब इंजीनियर श्री कलीराम पैकरा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जिले में जल गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा ग्राम स्तर पर सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

कार्यक्रम में जिला लैब केमिस्ट सुश्री श्रुति, जिला परियोजना समन्वयक श्री राजकुमार कोसले, श्रीमती मंजु गायकवाड सहित जल वाहिनी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment