गिधपुरी | 14 फरवरी 2026 पुलिस थाना गिधपुरी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में संचालित महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल” में प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में आमजनों की शिकायतों एवं आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “समाधान सेल” की शुरुआत की गई है। हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर व्हाट्सएप अथवा कॉल के माध्यम से दी जा रही सूचनाओं के आधार पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
घेराबंदी कर की गई गिरफ्तारी
दिनांक 12 फरवरी 2026 को समाधान सेल में मिली सूचना के बाद थाना गिधपुरी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम गिधपुरी-जुनवानी रोड में घेराबंदी की। इस दौरान अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए ले जाई जा रही शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
₹15,000 मूल्य की शराब एवं मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹15,000 कीमत की 150 पाव देशी मसाला शराब जब्त की। साथ ही अवैध परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG22 Z 2230 भी जब्त की गई।
आरोपियों के नाम
मदन ओगरे (36 वर्ष), निवासी ग्राम गाड़ाकुसमी, थाना गिधपुरी
प्रदीप डहरिया (22 वर्ष), निवासी ग्राम गाड़ाकुसमी, थाना गिधपुरी
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना गिधपुरी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तारी उपरांत आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना या आपराधिक गतिविधि की जानकारी समाधान हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर साझा करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।