चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर लच्छनपुर में भक्ति का माहौल, श्री राम जानकी मंदिर में विधि-विधान से हुई घट स्थापना

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 19, 2026


हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर दिनांक 19 मार्च 2026 को ग्राम लच्छनपुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर, जहाँ मां महामाया विराजमान हैं, में श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना, घट स्थापना एवं ज्योत प्रज्वलन का आयोजन किया गया। नवरात्रि के प्रथम दिवस मंदिर परिसर में भक्तों की भारी उपस्थिति रही और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

इस धार्मिक अनुष्ठान को विद्वान पुरोहित महाराज श्री गेंदलाल चौबे जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। मंदिर के पुजारी महंत परमानंद वैष्णव जी यजमान के रूप में तथा श्री शत्रुघ्न पटेल जी विधिवत पूजा में उपस्थित होकर माता महामाया की आराधना में शामिल हुए।

इस अवसर पर ग्राम के अनेक श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दिलहरण यदु, मनहरण साहू, रमेश साहू, गीता दत्त, रामजी साहू, तिरीथ साहू, चतुर साहू, पाहरूल, गजानंद साहू सहित समस्त ग्रामवासी श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हुए तथा माता महामाया से ग्राम की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच श्री भूपेंद्र साहू ने समस्त ग्रामवासियों को चैत्र नवरात्र एवं हिन्दू नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नवरात्र आस्था, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है। उन्होंने कहा कि ग्राम के समग्र विकास, सामाजिक एकता और जनकल्याण के लिए पंचायत निरंतर प्रयासरत है। माता महामाया की कृपा से ग्राम लच्छनपुर प्रगति, समृद्धि और सांस्कृतिक मूल्यों के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़े — यही सभी की कामना है।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के माहौल से सराबोर रहा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment