कसडोल विकासखंड में 6-7 मार्च को NQAS मूल्यांकन, पुटपुरा व कुम्हारी स्वास्थ्य केंद्रों में तैयारियां तेज

TEKRAM KOSLE

March 1, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

कसडोल। विकासखंड कसडोल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 6 एवं 7 मार्च को National Quality Assurance Standards (NQAS) के अंतर्गत मूल्यांकन प्रस्तावित है। इसे लेकर उप स्वास्थ्य केन्द्र पुटपुरा एवं उप स्वास्थ्य केन्द्र कुम्हारी में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी द्वारा 27 फरवरी को पुटपुरा एवं 28 फरवरी को कुम्हारी स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान ओपीडी व्यवस्था, दवा उपलब्धता, प्रयोगशाला सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, एनसीडी स्क्रीनिंग, अभिलेख संधारण तथा स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया।
6 व 7 मार्च को होगा मूल्यांकन
अधिकारियों ने स्टॉफ बैठक लेकर 6 मार्च को स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्र पुटपुरा तथा 7 मार्च को स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्र कुम्हारी में होने वाले NQAS मूल्यांकन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बैठक में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने, सभी रजिस्टर एवं अभिलेख अद्यतन रखने, मरीजों को सम्मानजनक एवं समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने तथा स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
मासिक समीक्षा बैठक में हुई प्रगति की समीक्षा
उप स्वास्थ्य केन्द्र कुम्हारी में निरीक्षण के दौरान मासिक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। इसमें विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, रिपोर्टिंग की स्थिति एवं लक्ष्य उपलब्धियों की समीक्षा की गई। सभी स्टॉफ को समय पर और शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि NQAS मूल्यांकन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक अहम कदम है। इसका उद्देश्य क्षेत्र की जनता को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानकीकृत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का आह्वान किया।
बैठक में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविशंकर अजगल्ले, सेक्टर अर्जुनी के सुपरवाइजर विजय जांगड़े, उप स्वास्थ्य केंद्र पुटपुरा से किरण राय एवं सीएचओ पूजा साहू, केशर, प्रकाश कुर्रे, प्रीति, रुखमनी साहू, सेवती पैकरा, सुपरवाइजर टूंडरा किरण अहिरवार, प्रेम अहिरवार तथा उप स्वास्थ्य केंद्र कुम्हारी से हेमलता मनहरे, केशव साहू, करुणा साहू सहित सेक्टर के सभी आरएचओ, सीएचओ एवं मितानिन उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment