बलौदाबाजार। 7 फरवरी 2026 विकास निगरानी एवं मूल्यांकन कार्यालय, नीति आयोग की सर्वे टीम ने शुक्रवार को जनपद पंचायत बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम रिसदा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के क्रियान्वयन का फील्ड सर्वे किया।

सर्वे के दौरान मनरेगा अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न श्रेणियों—शून्य मानव-दिवस, 1 से 90 मानव-दिवस तथा 91 से अधिक मानव-दिवस—में वर्गीकृत कर नीति आयोग द्वारा पूर्व निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से साक्षात्कार लिया गया। सर्वे दल ने श्रमिकों से रोजगार उपलब्धता, कार्य की निरंतरता, मजदूरी भुगतान एवं योजना से प्राप्त लाभों की जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही ग्राम में निर्मित सामुदायिक परिसंपत्तियों, वृक्षारोपण कार्य एवं सामुदायिक डबरी निर्माण कार्यों की प्रगति एवं उपयोगिता की जानकारी हेतु ग्रामीण मेट से भी साक्षात्कार किया गया। योजना के समग्र क्रियान्वयन, कार्य स्वीकृति, श्रमिक उपस्थिति एवं भुगतान प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ग्राम रोजगार सहायक से ली गई।
नीति आयोग की टीम द्वारा मोबाइल ऐप में उपलब्ध पूर्व निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से विभिन्न श्रेणी के पंजीकृत श्रमिकों एवं संबंधित कार्मिकों से प्राप्त जानकारियों को मौके पर ही प्रविष्ट किया गया, जिससे योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जमीनी स्थिति का आकलन किया जा सके।
इस निरीक्षण एवं सर्वे भ्रमण के दौरान नीति आयोग की ओर से नीतू गडेलिया एवं जुही राजन, ओआरजी से कमलेन्द्र प्रताप सक्सेना, तथा जिला स्तर से मनरेगा की टीम उपस्थित रही।