लगभग 5 लाख भूमिहीन परिवारों को मिलेगी बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे 500 करोड़ रुपये का हस्तांतरण

SARJU PRASAD SAHU

March 24, 2026

बलौदाबाजार। 25 मार्च 2026 प्रदेश के भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत करीब 4 लाख 95 हजार 965 हितग्राहियों को 495 करोड़ 96 लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में अंतरित करेंगे।

यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम बलौदाबाजार स्थित पंडित चक्रपाणी शुक्ल स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

हर हितग्राही को मिलेंगे 10 हजार रुपये

योजना के तहत प्रत्येक पात्र भूमिहीन परिवार को 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस योजना के लिए राज्य सरकार द्वारा कुल 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। खास बात यह है कि इस सूची में 22 हजार 28 बैगा और गुनिया परिवार भी शामिल हैं।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 23 हजार 568 हितग्राहियों को ही 23 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक की राशि मिलेगी।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद कमलेश जांगड़े और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

सामग्री और चेक वितरण भी होगा

मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान करीब 50 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री और चेक भी वितरित करेंगे। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के 13 समूहों को 15 लाख रुपये, मत्स्य पालन विभाग द्वारा महाजाल और आइस बॉक्स, स्वामित्व कार्ड तथा कृषि विभाग द्वारा स्प्रेयर पंप का वितरण शामिल है।

प्रवेश और पार्किंग की विशेष व्यवस्था

कार्यक्रम स्थल पर चार प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जिनमें वीवीआईपी के लिए अलग गेट निर्धारित है। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए दशहरा मैदान, नगर भवन, ऑडिटोरियम, स्कूल परिसर और अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

समग्र रूप से यह आयोजन प्रदेश के भूमिहीन परिवारों के लिए आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment